जयपुर में भाजयुमो का ‘बजट युवा सम्मेलन’, युवाओं और छात्रों से साझा होंगे केंद्र-राज्य के बजटीय प्रावधान

12 Feb 2026

जयपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) राजस्थान की ओर से शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को जयपुर में “बजट युवा सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है. यह सम्मेलन वैशाली नगर स्थित खंडेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित होगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार के हालिया बजट में किए गए महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तृत संवाद किया जाएगा.

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप्स, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े केंद्र एवं राज्य सरकार के जनकल्याणकारी प्रावधानों को आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बजटीय प्रावधानों में विजन 2047 की दिशा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, और सम्मेलन युवाओं को उनके अधिकार और योजनाओं के लाभों से अवगत कराने का एक मंच है.

इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य गौरव वल्लभ मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में युवाओं और छात्रों के सवालों का जवाब दिया जाएगा और उन्हें योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी.

श्री गोरा ने बताया कि यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में विस्तारित किया जाएगा ताकि हर युवा और छात्र सरकारी योजनाओं के लाभों से वंचित न रहे. उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भर भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह सम्मेलन उसी दिशा में एक सशक्त पहल है.