



तेज प्रताप ने अब खुल कर उन लोगों के नाम बताए, जिन्हें वो कहते आए हैं 'जयचंद', बोले - इन्हीं की वजह से टूटी पार्टी और परिवार
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से लुप्तप्राय: हो चुके लालू प्रसाद यादव के बड़े सुपुत्र और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव एक बार फिर एक्शन में हैं. उन्होंने एक बार फिर अपनी पुरानी पार्टी राजद पर निशाना साधते हुए 5 'जयचंद' (गद्दार) के नाम गिनाए, जिनका जिक्र तेजू भईया पिछले कई महीनों से कर रहे हैं. तेजू कई प्लेटफॉर्म पर इन लोगों पर राजद को कमजोर करने और परिवार में फूट डालने का आरोप लगा चुके हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं पांचों ने तेजस्वी यादव को गुमराह किया और परिवार को तोड़ने का षडयंत्र रचा. तेज प्रताप का मानना है कि लालू परिवार में अंदरूनी कलह के पीछे यही लोग हैं. इसके साथ ही तेज प्रताप ने दो सनसनीखेज खुलासे भी किए.
यह भी पढ़ें: कन्हैयालाल हत्याकांड पर सियासत गरमाई, गहलोत का बीजेपी पर करारा पलटवार
राजद के 5 जयचंद
तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक रूप से राजद के पांच नेताओं मुकेश रौशन, संजय यादव, पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर के दामाद रमीज नेमत, शक्ति सिंह यादव और सुनील सिंह को पार्टी और परिवार का जयचंद बताया. तेज प्रताप का मानना है कि ये तेजस्वी यादव को गुमराह कर रहे हैं, परिवार को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं और लालू परिवार में अंदरूनी कलह के पीछे भी यही लोग हैं. सुनील सिंह राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई हैं, जबकि मुकेश रोहन पार्टी से महुआ विधायक एवं संजय यादव राज्यसभा सांसद हैं. तेजस्वी यादव के सबसे करीबी रणनीतिकारों में इनकी गिनती होती है. शक्ति सिंह यादव लालू परिवार के पुराने वफादार हैं. वह नालंदा के हिलसा से पूर्व विधायक हैं और फिलहाल पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हैं. रमीज नेमत पार्टी डिजिटल और चुनाव वॉर रूम को संभालते हैं.
दो सनसनीखेस खुलासों ने चौंकाया
पहला खुलासा: तेज प्रताप ने न सिर्फ इन पांच लोगों के नाम बताए, बल्कि सनसनीखेज खुलासे भी किए. तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि इन्हीं नेताओं के कहने पर उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक किया गया और उन्हें बदनाम करने के लिए उनकी फोटो और अनुष्का यादव के साथ उनके रिश्ते की खबरें फैलाई गईं. उनका अनुष्का के साथ कोई रिश्ता नहीं है. तेज प्रताप ने कहा कि उनके साथ हाल ही में जो बर्ताव किया गया और राबड़ी आवास से उन्हें निकाला गया, वह भी इन 'जयचंदों' की साजिश थी.
दूसरा खुलासा: तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि महुआ के विधायक मुकेश रोशन उनके खिलाफ एक गैंग चला रहे हैं और उन्हें मरवाना चाहते हैं. तेज प्रताप के अनुसार, 'मुकेश ही वह व्यक्ति है जिसने उनकी निजी जिंदगी और अनुष्का यादव से जुड़े विवाद के बारे में अफवाहें फैलाईं.' तेज प्रताप ने ये आरोप भी लगाया कि विधायक मुकेश रोशन ने उन्हें मारने की सुपारी दी थी.


