अमेरिका की दादागिरी होगी खत्म, पीओके भी जल्द होगा भारत का हिस्सा- रामभद्राचार्य

full video temp (1200 x 650 px) (4)
9 Jan 2026
राजधानी जयपुर में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने पीओके और अमेरिका को लेकर बड़े बयान दिये हैं. जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि अमेरिका की दादागीरी कुछ ही दिनों में खत्म होने जाएगी. 21वीं सदी में हर तरफ हिन्दुत्व का ही बोलबाला होगा और भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और भारत अजेय बनेगा। स्वामी रामभद्राचार्य जयपुर में सीकर रोड स्थित नींदड़ में कथावाचन कर रहे हैं. पहले दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कथा में शामिल हुए और हनुमान महायज्ञ में आहुतियां दी. स्वामी रामभद्राचार्य ने पीओके को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (POK) भी जल्द ही भारत में शामिल होगा और ये सब हनुमान जी की कृपा से होगा. गुरुवार से शुरू हुई श्री राम कथा और 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ का आयोजन 16 जनवरी तक किया जाएगा. इस आयोजन में देश-विदेश से संत-महात्मा और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ के दौरान लाखों किलो हवन सामग्री की आहुतियां दी जाएंगी. स्वामी रामभद्राचार्य ने बताया कि यह उनकी 1412वीं कथा है. इस महायज्ञ में ऐसे लोग भी यजमान बने हैं, जिनके बारे में पहले कल्पना नहीं की जा सकती थी. उन्होंने कहा इस यज्ञ में अति सामान्य लोग भी यजमान बने हैं. स्वामी रामभद्राचार्य ने श्री रामचरितमानस के किष्किंधा कांड से श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता की कथा सुनाई. किष्किंधा कांड के चौथे दोहे की पांचवीं पंक्ति पर नौ दिन तक चर्चा की जाएगी. उन्होंने बताया कि इस दौरान भगवान श्रीराम की सभी लीलाओं का उल्लेख आएगा, लेकिन चर्चा उसी चौपाई के केंद्र में रहेगी. आयोजन समिति के अनुसार कथा में एक करोड़ 51 लाख हनुमान नाम जप के माध्यम से विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र उत्थान की कामना की जाएगी. इस महायज्ञ में 1451 वैदिक विद्वान पंडित मंत्रोच्चार के साथ हवन करा रहे हैं. महायज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं, यजमानों और संत-महात्माओं के लिए प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था है. भोजन लकड़ी के चूल्हों पर सात्विक तरीके से तैयार किया जाएगा। 111 हलवाई आयोजन के दौरान साधु-संतों के आश्रम और कथा स्थल की भोजन व्यवस्था संभाल रहे हैं.