लोकसभा चुनाव: दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान शुरू

PoliTalks news
18 Apr 2019
लोकसभा चुनाव का दूसरा चरण शुरू हो गया है. आज 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान हो रहा है. तमिलनाडु की 39, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 10, यूपी की आठ, बिहार और ओडिशा की पांच-पांच, छतीसगढ़ की तीन, जम्मू-कश्मीर की दो और मणिपुर, त्रिपुरा और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर वोट डाले जा रहे हैं. वोट सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे. बता दें, 17वीं लोकसभा के लिए देश में कुल सात चरणों में लोकसभा चुनाव संपन्न होंगे. पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को हो चुका है. इससे पहले चुनाव के पहले चरण में 18 राज्यों एवं दो केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदान हुआ था. इस चरण में 68 फीसदी मतदान हुआ था. देश में सबसे बड़े लोकतंत्र पर्व लोकसभा चुनाव कुल 7 चरणों में संपन्न होंगे. आखिरी चरण की वोटिंग 19 मई होगी. चुनावी परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे. बात करें राजस्थान की तो यहां पहले चरण के मतदान 29 अप्रैल को डाले जाएंगे. दूसरे और अंतिम चरण के लिए वोटिंग 6 मई को होगी. पहले चरण में अजमेर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, टोंक-सवाई माधोपुर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की 13 सीटों सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होंगे. इसी प्रकार गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में वोटिंग 6 मई को होगी.