निकाय-पंचायत चुनाव की आहट के बीच भजनलाल सरकार के बजट में खुलेगा सौगातों का पिटारा !

10 Feb 2026

वित्त मंत्री दीया कुमारी पेश करेंगी बजट, राजस्थान की 8 करोड़ जनता को बजट से खासी उम्मीदें, सरकार की वित्तीय हालत ठीक नहीं, कर्ज के साथ ही कर्मचारियों के वेतन-पेंशन का भारी बोझ

राजस्थान विधानसभा में बुधवार को कई बड़ी सौगातों का पिटारा खुल सकता है. डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी प्रदेश का बजट पेश करेंगी. यह बजट कई मायनों में अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल का एक निर्णायक बजट होगा और आने वाले वर्षों की नीतियों की दिशा तय करेगा. बजट को लेकर प्रदेशभर में उत्सुकता है. आम जनता को इस बजट से खासी उम्मीदें है.

ये भी पढ़े : भरतपुर पूर्व राजपरिवार विवाद पर पूर्ण विराम ! विश्वेन्द्र सिंह ने पोस्ट की तस्वीरें

राजस्थान की 8 करोड़ जनता की निगाहें कल वित्त मंत्री दीया कुमारी के भाषण के एक-एक शब्द पर होंगी. बजट में एक-एक घोषणा का सीधा असर जनता पर पड़ेगा. बजट पूर्व सरकार ने सभी वर्गों से चर्चा कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को समझने की कोशिश की. प्रदेश के सभी वर्गों को उम्मीद है की उनकी प्राथमिकताओं को बजट में तरजीह दी जाएगी.अगले कुछ महीनों में राजस्थान में होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के चलते सरकार के लिहाज से भी ये बजट काफी अहम हैं. लिहाजा सरकार आमजन के लिए कई बड़ी घोषणाएं कर सकती है.

अब देखना यह है बुधवार को पेश होने वाला यह बजट जमीनी समस्याओं के समाधान की दिशा में कितना ठोस रोडमैप पेश करता है. हालांकि राजस्थान की ताजा वित्तीय स्थिति चिंताजनक है. कर्ज बढ़कर 7.26 लाख करोड़ हो गया है जो इस बजट में बढ़कर 8 लाख करोड़ का आंकड़ा पार कर सकता है.

आपको बता दें कि सरकार की आय का एक बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन और पेंशन पर खर्च हो रहा है और ये खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है. वहीं पिछले साल के मुकाबले आय में भी गिरावट हुई है. इसके साथ ही केन्द्र सरकार से मिलने वाला अनुदान भी घट गया है. अनुदान कम मिलने से केन्द्र की मदद से चलने वाली योजनाओं की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है.