कन्हैयालाल हत्याकांड पर सियासत गरमाई, गहलोत का बीजेपी पर करारा पलटवार

8 Feb 2026

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्रीय वित्त व गृहमंत्री को घेरा, पूछा - हत्यारों को अब तक सजा क्यों नहीं?

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर में हुए कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और गृहमंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा कि कन्हैयालाल का परिवार अब तक न्याय का इंतजार कर रहा है, लेकिन बार-बार पूछने के बावजूद गृहमंत्री अमित शाह इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं. गहलोत ने कहा कि इस मामले में राजस्थान पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद आज तक दोषियों को सजा नहीं मिल पाई है. उन्होंने कहा कि 2022 से अब तक कन्हैयालाल का परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है.

https://www.youtube.com/watch?v=NYvG053dCxA

पूर्व मुख्यमंत्री ने संसद में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने यह दावा किया कि उदयपुर हत्याकांड में कोई एक्शन नहीं लिया गया, जो पूरी तरह तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक है. गहलोत ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और बाद में केस केंद्र सरकार द्वारा एनआईए को सौंपा गया.

यह भी पढ़ें: बलजीत यादव को लेकर कोर्ट ने सुनाया ये बड़ा फैसला, इतने दिन रहना पड़ेगा जेल में

गहलोत ने आरोप लगाया कि हत्यारे भाजपा से जुड़े थे और अब तक सजा न मिलने से जनता के मन में यह शंका गहराती जा रही है कि खुले-शट केस होने के बावजूद राजनीतिक संरक्षण के चलते उन्हें दंड नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा, “मैं गृहमंत्री अमित शाह से बार-बार पूछता हूं कि हत्यारों को सजा कब मिलेगी, लेकिन वे जवाब देने से बचते हैं.”

बीजेपी का ‘5 लाख बनाम 50 लाखका झूठ

गहलोत ने यह भी दावा किया कि चुनावों के दौरान भाजपा ने इस मुद्दे पर 5 लाख बनाम 50 लाख का झूठ फैलाया. जबकि सच्चाई यह है कि कन्हैयालाल के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया और उनके दोनों पुत्रों को सरकारी नौकरी दी गई.

उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद जब भी गृहमंत्री राजस्थान आते हैं, तो इस मुद्दे पर चुप्पी साध लेते हैं. देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा से जवाबदेही तय करेगी.