महिलाएं बिकती हैं बिहार में- BJP नेता के बयान पर तेजस्वी के ख़िलाफ़ महिला विधायकों ने खोला मोर्चा

5 Feb 2026

तेजस्वी यादव का सरकार पर तीखा हमला, कहा- बिहार अलग देश होता तो सबसे गरीब देश होता, झूठी वाहवाही और 100 प्रतिशत लापरवाही पर चल रही सरकार, शासन खामोश-सरकार मदहोश

बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महिलाओं के बारे विवादित बयान दिया. इससे विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की महिलाएं बिकती हैं. एनडीए की महिला विधायकों ने तेजस्वी यादव के बयान का जमकर विरोध किया. हालांकि तेजस्वी यादव ने उत्तराखंड के एक बीजेपी नेता के कथित बयान के हवाले से ये बात कही थी. तेजस्वी यादव ने सरकार पर लापरवाही, रोजगार संकट और अपराध बढ़ने के आरोप लगाए. बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर तीखे हमले किये.

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन उत्तराखंड के बीजपी के नेता कहते हैं कि बिहार की महिलाएं बिकती हैं. महिलाओं को खरीदा जाता है. तेजस्वी यादव के सम्बोधन पर विधानसभा में खूब हंगामा हुआ.बिहार विधानसभा में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सदन में उनका 11वां साल चल रहा है और हर साल राज्यपाल के अभिभाषण में वही बातें दोहराई जाती हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झूठी वाहवाही और 100 प्रतिशत लापरवाही पर चल रही है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र कमजोर हुआ है और जनतंत्र को धनतंत्र और मशीन तंत्र में बदल दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की संख्या भले कम हो, लेकिन विपक्ष मजबूती से जनता के मुद्दे उठाता रहेगा. उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा- कानून का राज और न्याय के साथ विकास नहीं, बल्कि अन्याय के साथ विनाश हो रहा है.

ये भी पढ़े : खेजड़ी बचाओ आंदोलन: ट्री प्रोटेक्शन एक्ट लाएगी सरकार, आंदोलनकारियों के बीच मंत्री ने मंच से की बड़ी घोषणा

हालांकि भाषण के दौरान तेजस्वी यादव आज थोड़े नर्वस दिखे. तेजस्वी यादव अपने भाषण पढ़ने के दौरान कई बार अटकते दिखे. वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका “नाखून उखड़ गया है” और दवा लेकर आए हैं, इसलिए बैठकर बोलने की अनुमति चाहते हैं. तेजस्वी यादव के आग्रह को विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने स्वीकारते हुए उन्हें बैठकर बोलने की अनुमति दी.

तेजस्वी ने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार के दौरान नौकरी देने की पहल हुई और शिक्षकों की बहाली भी उसी दौर में हुई. उन्होंने कहा कि जब वे 10 लाख सरकारी नौकरी की बात करते थे, तब मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए पूछा था कि पैसा कहां से आएगा ? उन्होंने कहा कि आज वही मुद्दे सरकार के एजेंडे में हैं, लेकिन युवाओं को अब भी रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.

शासन खामोश, सरकार मदहोश
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीट छात्र मौत मामले को जोरदार तरीके से उठाया. तेजस्वी ने कहा कि बिहार की हालत तो देखकर यही लगता है कि अपराधियों को पूरा विश्वास हो गया है कि यह सरकार उनका कुछ नहीं उखाड़ सकती. बिहार में अपराधियों में डर नहीं और सरकार में शर्म नहीं है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें लगता है कि सरकार उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. उन्होंने कहा- शासन खामोश है और सरकार मदहोश है.

हाल-फिलहाल की बड़ी अपराधिक घटनाओं को गिनाते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार सरकार पर बड़ा ही तीखा हमला बोला. तेजस्वी ने कहा कि पटना में नीट छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या, मधेपुरा में महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या मुजफ्फरपुर में तीन बच्चियों से रेप के बाद हत्या, कैमूर, सुपौल में महिला की हत्या, मोतिहारी में युवती की हत्या, कटिहार में महिला की हत्या, गोपालगंज के भोरे में 5 साल की बच्ची से रेप, मोतिहारी के पताही में युवती पर एसिड अटैक, छपरा में गैंगरेप, पूर्णिया में सूरज व्यवसायी की हत्या, बेगूसराय में मासूम लड़की की हत्या, भोजपुरी में नाबालिग की अपहरण के बाद हत्या, औरंगाबाद में युवक की हत्या, पश्चिम चंपारण में युवक की हत्या, वैशाली में युवक की हत्या, सीतामढ़ी में अधेड़ की हत्या हुई. तेजस्वी ने आगे कहा कि अभी एक लाल सूटकेस में डेडबॉडी मिला है. कहां है कानून का राज, क्या हो रहा है बिहार में ?

बिहार अलग देश होता तो सबसे गरीब देश होता
तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्तापक्ष के साथियों से कहना चाहता हूं कि आईना जब भी उठाया करो, पहले देखा करो और फिर दिखाया करो. जनता में सरकार के लिए अफसोस और आक्रोश है. बिहार जब इतना विकास कर रहा है, एक बात बताइए कि बिहार आखिर किस चीज में नंबर 1 है ? बिहार सबसे अधिक गरीब है. सबसे अधिक बेरोजगारी है. शिक्षा के मामले में फिसड्डी है. सब लोग तबाह हो चुके हैं. भ्रष्टाचार में अव्वल है. अपराधियों का बोलबाला है. प्रति व्यक्ति आय में सबसे कम है. किसान ठगा हुआ है. गरीबों का वोट लिया और उसी का घर उजाड़ने में लगे हुए हैं. बिहार अगर अलग देश होता तो पूरी दुनिया में सबसे गरीब देश होता. सत्र के दौरान तेजस्वी यादव के इस हमलावर रुख से सदन का राजनीतिक तापमान और बढ़ गया.