



निफ्टी 700 अंक उछला, 25700 के पार पहुंचा, डिफेंस, फार्मा, IT और मेटल शेयरों में तूफानी तेजी, भारत पर टैरिफ 50% से घटकर 18%, अमेरिकी उत्पादों पर भारत में आयात शुल्क जीरो
अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद बाजार में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है. मंगलवार को स्टॉक मार्केट में करीब 3% की तेजी आई है. निफ्टी करीब 700 प्वाइंट उछलकर 25700 के पार निकल गया है. बैंक निफ्टी ने नया HIGH बनाया है. मिडकैप और स्मॉलकैप में भी 3% से ज्यादा का उछाल देखने को मिला. साथ ही डिफेंस, फार्मा, IT और मेटल में भी जोरदार उछाल देखने को मिला है. कैपिटल मार्केट, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली है. हाल ही में यूरोपीय यूनियन के साथ ट्रेड डील के बाद बैक टू बैक अमेरिका के साथ ट्रेड डील के ऐलान ने मार्केट को पंख लगा दिये हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मीडिया प्लेटफार्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है. ट्रम्प ने पिछले साल रूस से क्रूड ऑयल खरीदने के कारण भारत पर 25% पेनल्टी टैरिफ लगाया दिया था. इससे भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया था. अब भारत पर सिर्फ टैरिफ 18% ही लगेगा. डील को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका से आयात में भारी वृद्धि करने, अमेरिकी सामानों पर आयात शुल्क शून्य करने और रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने पर सहमत हो गया है.
ये भी पढ़े : भारत की इन पहाड़ियों के नीचे दबा है 100 मिलियन टन सोने-चांदी का खजाना !
डोनाल्ड ट्रम्प ने पीएम मोदी मेरे अच्छे मित्र
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टूथ सोशल पर व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी को अपना सबसे अच्छा मित्र बताया. ट्रंप ने लिखा कि वह रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने के साथ ही अमेरिका और वेनेजुएला से खरीद बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं, इससे यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में मदद मिलेगी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी इस बात पर सहमत हुए कि भारत ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पाद खरीदने के अलावा अमेरिका से आयात बढ़ाएगा.
उधर, अमेरिका की कृषि मंत्री ब्रूक रोलिंस ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट पर भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर खुशी जताई. उन्होंने लिखा कि इससे भारत के विशाल बाजार में अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा और अमेरिका के ग्रामीण इलाकों में आमदनी बढ़ेगी. अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत की बढ़ती आबादी एक महत्वपूर्ण बाजार है और कृषि व्यापार घाटे को कम करने में ट्रेड डील की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
PM मोदी ने ट्रंप को कहा- थैंक्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा और वे खुश हैं कि भारत निर्मित उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत का कम टैरिफ लगेगा. PM मोदी ने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से ट्रंप को इस शानदार घोषणा के लिए धन्यवाद दिया.
उन्होंने कहा कि दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया की सबसे बड़ा लोकतंत्र जब साथ मिलकर काम करेंगे तो लोगों को बहुत फायदा होगा और आपसी सहयोग के नए अवसर खुलेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की साझेदारी अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंचेगी.


