



राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र सरकार के आम बजट को निराशाजनक बताते हुए केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। बेनीवाल ने कहा कि इस बजट ने देश के गांव, गरीब और किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। महंगाई, रोज़गार और मध्यम व निम्न आय वर्ग को राहत देने के लिए बजट में कोई ठोस नीतिगत उपाय नजर नहीं आए, वहीं आर्थिक आंकड़ों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
सांसद बेनीवाल ने राजस्थान के संदर्भ में बात करते हुए कहा कि लंबे समय से राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने और उसकी भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष पैकेज की मांग की जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस बार भी राजस्थान की जनता को निराश किया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि बजट भाषण में वित्त मंत्री ने राजस्थान का नाम तक नहीं लिया। बेनीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार 2047 के भारत की बात तो कर रही है, लेकिन आम जनता को त्वरित राहत देने का कोई रोडमैप बजट में नजर नहीं आया।
रेल मंत्री के गृह राज्य की अनदेखी
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि रेल मंत्री स्वयं मारवाड़ से आते हैं और रेल राज्य मंत्री भी राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं, इसके बावजूद बजट में घोषित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में राजस्थान का कहीं उल्लेख नहीं किया गया, जो राज्य के साथ भेदभाव को दर्शाता है।
किसान और युवाओं के हितों की उपेक्षा
सांसद बेनीवाल ने आरोप लगाया कि बजट में न तो किसानों की कर्ज माफी को लेकर कोई ठोस पहल दिखाई दी और न ही युवाओं को स्थायी रोजगार देने का कोई स्पष्ट रोडमैप सामने आया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों और युवाओं दोनों के हितों की अनदेखी का प्रतीक बनकर रह गया है।


