पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, पहाड़ों पर बर्फबारी से और बढ़ सकती है ठंड, कई राज्यों में बारिश की संभावना

31 Jan 2026

राजस्थान के कई जिलों में छाये बादल, मावठ के आसार, रात के तापमान में हो सकती है और गिरावट, फरवरी की शुरूआत भी कड़ाके की ठंड के साथ होने की आशंका

नई दिल्ली/जयपुर । उत्तर और पश्चिम भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. उत्तर भारत की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आएगी, वहीं ठंडी हवाओं के चलते सुबह-शाम की ठंड और बढ़ सकती है। कुछ इलाकों में कोहरा भी देखने को मिल सकता है.

राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत पश्चिमी और उत्तरी जिलों में मौसम में बदलाव साफ नजर आ रहा है. राज्य के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सर्दी एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, नागौर, अलवर और भरतपुर सहित शेखावाटी और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. बारिश के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और तेज होगी. पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और जालोर जिलों में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ नजर आ रहा है. यहां तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है.

ये भी पढ़े : सुनेत्रा पवार लेंगी डिप्टी CM पद की शपथ, सीएम ही पेश करेंगे महाराष्ट्र का बजट

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी राजस्थान में रात का तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है. बारिश के बाद मौसम साफ होने पर रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. कई जिलों में सुबह के समय कोहरा और शीतलहर की स्थिति बन सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाव, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने और सुबह-शाम यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी है. बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़ समेत शेखावाटी क्षेत्र में ठंडी हवाओं के साथ बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से रात का तापमान और नीचे जा सकता है.

पर्वतीय राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं. बर्फबारी के कारण कुछ इलाकों में सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, वहीं पर्यटन स्थलों पर ठंड और बढ़ेगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ हो सकता है, लेकिन इसके बाद एक और सिस्टम सक्रिय होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसे में फरवरी की शुरुआत भी ठंड के साथ हो सकती है.