



पॉलीटॉक्स न्यूज़ की खबर पर फिर लगी मुहर, सबसे पहले ब्रेक की थी सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की खबर, क्रीड़ा और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग संभालेंगी सुनेत्रा पवार, वित्त विभाग सीएम के पास ही रहेगा
मुंबई। दिवंगत अजीत पवार की पत्नी राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली उप मुख्यमंत्री के रूप में आज शाम शपथ लेंगी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेताओं के अनुसार शनिवार को सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा और उसके बाद उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी. इसके साथ ही एक बार फिर पॉलीटॉक्स न्यूज की खबर पर मुहर लगी है. पॉलिटॉक्स न्यूज ने सूत्रों के हवाले पहले ही ये कंफर्म कर दिया था कि सुनेत्रा पवार का डिप्टी सीएम बनना तय है. एनसीपी के 40 विधायक कुछ देर में विधानसभा भवन पहुंचेंगे, जहां विधायक दल के नेता के चुनाव की औपचारिकता की पूरी की जाएगी. पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, 62 वर्षीय सुनेत्रा पवार शनिवार शाम 5 बजे लोक भवन में एक सादा समारोह में शपथ ग्रहण करेंगी.
फिलहाल सुनेत्रा पवार के पास क्रीड़ा और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग रहेंगे. अजित पवार का वित्त विभाग फिलहाल सीएम देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहेगा. महाराष्ट्र का आगामी बजट सीएम देवेंद्र फडणवीस ही पेश करेंगे. 20 फरवरी को महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा. हालांकि सुनेत्रा पवार फिलहाल विधानसभा के किसी भी सदन की सदस्य नहीं है इसलिए उन्हें आगामी उपचुनाव लड़ना होगा या उच्च सदन के मनोनीत किया जाएगा. अजीत पवार के निर्वाचन क्षेत्र बारामती से सुनेत्रा पवार को उपचुनाव में प्रत्याशी भी बनाने की चर्चा है.
ये भी पढ़े : जेल में बीमार पड़े सोनम वांगचुक, पेट की परेशानी के चलते अस्पताल ले जाया गया
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उपमुख्यमंत्री पद से संबंधित फैसले एनसीपी द्वारा लिए जाएंगे. हम उनके फैसले का समर्थन करेंगे. सरकार और पार्टी के तौर पर हम उनके और पवार परिवार के साथ खड़े हैं. एनसीपी नेताओं ने मुझसे दो बार मुलाकात की और पार्टी की आंतरिक प्रक्रिया और उनके सामने मौजूद विकल्पों पर चर्चा की है.
इससे पहले एनसीपी नेताओं ने बारामती में सुनेत्रा पवार से मुलाकात की. शुक्रवार को मुख्यमंत्री के साथ एनसीपी नेताओं की बैठक के बाद, पार्टी के राजनीतिक रणनीतिकार नरेश अरोरा ने बारामती में सुनेत्रा पवार और उनके बेटो पार्थ और जय से मुलाकात की और बैठकों और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई है.
उधर, कार्यकर्ताओं और दोनों गुटों के नेताओं के बढ़ते दबाव के बीच परिवार द्वारा संभावित विलय पर चर्चा किए जाने की भी उम्मीद है. अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट की तुलना में शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी विलय के लिए अधिक उत्सुक है. कुछ शीर्ष नेताओं को छोड़कर, अजीत पवार गुट के लगभग सभी नेता विलय के पक्ष में हैं, लेकिन फिलहाल इस पर फैसला टलने के आसार है.
आपको बता दें कि बुधवार की सुबह बारामती में हुए विमान हादसे में अजीत पवार और पायलट समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी. 66 वर्षीय अजीत पवार आगामी ग्रामीण निकाय चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित करने मुंबई से अपने गृह नगर बारामती के लिए सुबह 8:10 बजे एक बिजनेस जेट में रवाना हुए थे, लेकिन बारामती में लैडिंग के दौरान प्लेन क्रैश हो गया था. इस घटना के बाद से ही डिप्टी सीएम पद को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा और पॉलिटॉक्स न्यूज ने सबसे पहले ये खुलासा किया था की अजीत पवाल की पत्नी सुनेत्रा पवार ही डिप्टी सीएम बनेंगी और अब इस खबर पर मुहर लगी है.


