विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान तीखी नोकझोंक, पक्ष-विपक्ष आमने सामने

29 Jan 2026


सदन में गूंजा टोंक में अवैध हुक्काबार का मुद्दा, सड़कों के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष में दिखी खींचतान, शहरों में वन्यजीवों के मूवमेंट का मुद्दा भी उठा, 1926 हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी सरकार

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र जारी है. गुरुवार को प्रश्नकाल में कई मुद्दों पर चर्चा हुई. इस दौरान कई बार हंगामे की स्थिति भी बनी. प्रश्नकाल की शुरूआत टोंक जिले में अवैध हुक्काबार के मुद्दे से हुई और पहले सवाल पर ही सदन में हंगामे की स्थिति बन गई, जिसे विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शांत कराया. इसके बाद भी विभिन्न मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष के बीच नोकझोंक देखने को मिली.

प्रश्नकाल में विधायक रामसहाय वर्मा ने टोंक जिले में संचालित अवैध हुक्का बार का मुद्दा उठाया. वर्मा ने सवाल किया कि वर्ष 2023 से 2025 तक कितने अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई की गई ? क्या बरामद किया गया ? इसके बाद गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने अपने जवाब में कहा कि ऐसे मामलों में कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी. पूरे प्रदेश को नशाखोरी से मुक्त करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़े : UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, CJI ने क्या कहा? देखें पूरी खबर

प्रश्नकाल में पीपल्दा से विधायक चेतन पटेल ने स्वीकृत सड़कों से जुड़ा सवाल पूछा. उन्होंने कहा कि घोषणा की पालना नहीं करने पर कौन जिम्मेदार है ? इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पिछली सरकार की तुलना की बात कही. इस पर पक्ष-विपक्ष आमने सामने हो गया. सड़कों के निर्माण को लेकर विपक्ष की ओर से पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि पिछली सरकार और मौजूदा सरकार की तुलना करते हुए कुछ आंकड़े रख रही हूं. सड़कों में बहुत अच्छा काम हुआ है. इतना सुनते ही विपक्षी विधायक हंगामा करने लगे.बाद में दीया कुमारी ने पूर्ववर्ती सरकार के 5 साल और भजनलाल सरकार के 2 साल का ब्यौरा सदन में रखा।

https://www.youtube.com/watch?v=KTbf6bFjYxY

प्रश्नकाल के दौरान शहरों में वन्यजीवों के मूवमेंट का मुद्दा भी उठा. विधायक कालीचरण सराफ के सवाल पर सरकार के वन मंत्री संजय शर्मा ने सदन को बताया सरकार शहर में वन्यजीव मूवमेंट की सूचना देने के लिए 1926 हेल्पलाइन नंबर जारी करने जा रही है. वन मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र की तर्ज पर राजस्थान में भी इमजेंसी प्रीडेटर प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा. उन्होंने सदन को बताया कि इसी वित्तीय वर्ष में सरकार इसके लिए एसओपी लागू करने पर विचार कर रही है.