जयपुर। राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई है. जयपुर में गुरुवार देर रात से ही बादल छाये रहे और गर्जना के साथ बारिश हुई. इस दौरान कई बार बिजलियों की गड़गड़ाहट से लोग सहमे नजर आए. सुबह करीब 10 बजे तक बारिश का ये दौर चला. इसके चलते लोगों के रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हुए. सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं कामकाजी लोग भी बारिश के रुकने का इंतजार करते नजर आए.
जयपुर, चौमूं, अजमेर, जोधपुर, जैसलमेर, दौसा समेत प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं, बिजली की चमक और मेघगर्जना के साथ बारिश हुई. वहीं, सीकर समेत कई जिलों में हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी है.
ये भी पढ़े : केंद्र की आलोचना वाले अभिभाषण को पढ़ने से गहलोत ने किया इनकार, राज्यपाल के खिलाफ कोर्ट जा सकती है सरकार
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में ये बदलाव आया है. इस बारे में मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया था. मौसम विभाग ने शुक्रवार को झुंझुनूं, सीकर, चुरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है. वहीं प्रदेश के 11 जिलों अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन और नागौर में मेघगर्जन और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि 27-28 जनवरी को भी राजस्थान के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. मौसम में हुए इस बदलाव से पहले पारा बढ़ने से लोगों को कड़ाके की सर्दी से काफी राहत मिली थी. लेकिन अब बारिश के बाद पारा गिरने से सर्दी का दौर अभी जारी रहने की आशंका है.
https://www.youtube.com/watch?v=5RUhqH2zvZI