‘पापों का प्रायश्चित करें अशोक गहलोत’- पूर्व सीएम के वार पर राठौड़ का पलटवार

full video temp (1200 x 650 px) (11)
22 Jan 2026
जयपुर । राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में भर्ती परीक्षाओं में OMR शीट में नंबर बढ़ाने के खुलासे के बाद अब सियासत भी तेज हो गई है. पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद दूसरी भर्ती परीक्षाओं की भी जांच की मांग को लेकर X पर पोस्ट किया, वहीं, पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने गहलोत पर पलटवार किया है. राजेन्द्र राठौड़ ने भी X पर पोस्ट कर कहा कि पूर्व सीएम गहलोत का ये ट्वीट इस बात की स्वीकारोक्ति है कि आपके शासनकाल में ओएमआर शीट घोटालों से लेकर पेपर लीक तक की घटनाएं हुईं और आपने युवाओं के सपनों, उनके अरमानों की बोलियां लगा-लगा कर उन्हें ठगने का काम किया गया था. राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2018–23 के बीच जब आप खुद कांग्रेस सरकार के मुखिया थे तब आपकी नाक के नीचे 19 परीक्षाओं के पेपर लीक में हुए थे जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दी थी. उस समय विपक्ष के नाते बीजेपी ने ने सड़क से लेकर सदन तक पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ आंदोलन किये थे और आपकी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया. आपने पेपर लीक के साथ ही नेटबंदी का रिकॉर्ड भी कायम किया था, उसके बावजूद आप भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से कराने में असफल रहे. आज राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट घोटाले का जो खुलासा हुआ है वो भर्ती परीक्षाएं आपके कार्यकाल में ही हुई थी. लैब असिस्टेंट भर्ती परीक्षा तिथि 03 फरवरी 2019 को , कृषि सुपरवाइजर परीक्षा तिथि 03 मार्च 2019 को और महिला सुपरवाईजर भर्ती 2018 परीक्षा तिथि 16 जनवरी 2019 को हुई थी. इन परीक्षाओं की तारीखें खुद गवाही दे रही है कि ओएमआर शीट घोटाला आपके कार्यकाल में ही हुआ था. जो आरोपी एसओजी ने पकड़े हैं वो 5 साल तक वहीं कर्मचारी चयन बोर्ड में कैसे पदस्थापित रहे, इस पर आप चुप्पी क्यों साधे हुए हैं ? ये भी पढ़े : OMR शीट में गड़बड़ियों के खुलासे के बाद दूसरी भर्ती परीक्षाओं पर उठे सवाल, गहलोत ने की सरकार से जांच की मांग राजेन्द्र राठौड़ ने गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि अशोक गहलोत के शासनकाल में भी एसओजी थी, कानून था और आप स्वयं मुखिया भी थे. दुर्भाग्य है कि आप में पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की दृढ़ इच्छाशक्ति की भारी कमी थी. तब उन्होंने प्रशासन को पंगु बनाकर रखा था जबकि भजनलाल सरकार ने एसओजी को पूरी छूट दे रखी है कि वे युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करने वाले हर दोषी तक पहुंचे और उसे कानून के अनुसार सजा दिलाये. सीएम भजनलाल शर्मा ने शासन में आते ही पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध अभियान चलाया, एसआईटी का गठन किया और 138 एफआईआर दर्ज कीं और 394 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया. https://www.youtube.com/watch?v=eDj4kN84U6E राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत को भाजपा सरकार पर भ्रामक आरोप मढ़ने के बजाय अपने शासनकाल की विफलताओं और पेपर माफियाओं के संरक्षण की सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए और पापों का प्रायश्चित करना चाहिए. हमारी सरकार की नीयत स्पष्ट है कि चाहे पेपर लीक हो या ओएमआर शीट घोटाला हो, दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और युवाओं के भविष्य के साथ अब किसी तरह का खिलवाड़ नहीं होगा. आपको बता दें कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने X पर पोस्ट कर कहा है कि OMR शीट में गड़बड़ी के आरोप में पकड़े गए हैं, वे 2024 और 2025 में भी सक्रिय थे और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ही पोस्टेड थे. इससे इस दौरान हुई सभी भर्ती परीक्षाएं संदेह के घेरे में आ गई है. जिनकी जांच होनी चाहिए.