‘सुखजिंदर रंधावा बन रहे थे सीएम पर पार्टी ने…’- अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का चन्नी को जवाब

pnj
20 Jan 2026
पंजाब कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाकर पार्टी में नया विवाद खड़ा कर दिया है. कांग्रेस SC विंग की मीटिंग में चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब कांग्रेस में दलितों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने की बात कही थी. चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, छात्र और महिला विंग पर जट्ट सिख चेहरे हैं. दलितों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है. सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त चरणजीत सिहं चन्नी ने ये बातें कहीं, उस वक्त ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के SC सेल के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, पंजाब सह-प्रभारी रविंदर उत्तम राव डालवी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग भी मंच पर मौजूद थे. चरणजीत सिंह चन्नी के बोलते ही मीटिंग में SC नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी. इसके बाद चन्नी को माइक पर बोलने से रोक दिया गया और माइक बंद कर दिया गया. ये पार्टी का अंदरूनी मामला- अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पूरे घटनाक्रम पर पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर्दा डालते नजर आए. उन्होंने कहा कि ये पार्टी का अंदरूनी मामला है. उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को दो-टूक जवाब देते हुए कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी दो विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ें और दोनों सीटों पर हार गये, इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें सांसद बनवाया. चरणजीत सिंह चन्नी खुद CWC की मेंबर हैं. ऐसे में ये बात कहना गलत है कि पार्टी नेतृत्व में दलितों की उपेक्षा की है. जब वे विधानसभा में नेता विपक्ष बने थे तो सुनील जाखड़ को हटाकर उन्हें CLP नेता बनाया गया था. साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा सीएम बनने वाले थे, लेकिन चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया. अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि कांग्रेस गरीब को अपने सिर पर बैठाती है दलित हमारा ताज है, लेकिन कांग्रेस एक सेकुलर पार्टी है और जाति और धर्म पर आधारित निर्णय नहीं लेती है. 'मानस की जात सब एक पहचानो'- चरणजीत सिंह चन्नी उधर विवाद बढ़ता देख पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मामले से खुद को अलग करने की कोशिश की. चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं मानस की जात सब एक पहचानो के गुरुओं की फिलॉसफी को मानता हूं और मैंने किसी भी मीटिंग में किसी जाति कम्युनिटी के बारे में कुछ नहीं कहा है. चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मेरे खिलाफ झूठा प्रोपेगैंडा फैलाया जा रहा है, मैं चमकौर साहिब की धार्मिक धरती का बेटा हूं और मैं किसी जाति कम्युनिटी के खिलाफ कुछ नहीं कह सकता. उन्होंने कहा कि मैं हर वर्ग की बात करता हूं और किसी भी किसान पर एक्शन नहीं लेने दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब एक गुलदस्ता है और अगर हम इसमें सबको साथ लेकर चलेंगे तो पार्टी मजबूत भी होगी और कांग्रेस की सरकार भी बनेगी. इस बीच पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा है कि हम यहां 2022 वाली गलती नहीं करेंगे. मुख्यमंत्री का नाम घोषित किए बिना पार्टी चुनाव लड़ेगी.