सीएम भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार,भ्रम की राजनीति कर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस
16 Jan 2026
जयपुर। सीएम भजनलाल शर्मा ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित VB G-RAM-G जनजागरण अभियान की प्रदेशस्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग लगातार भ्रम की राजनीति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और हर जनकल्याणकारी योजना पर सवाल खड़े करना उनकी आदत बन चुकी है.मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों और पं.दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेता हैं, जो CAA,EVM और SIR जैसे हर मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं.
कांग्रेस को 'जी-राम-जी' नाम पर आपत्ति
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि अब कांग्रेस को “जी रामजी” नाम पर भी आपत्ति हो रही है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राजस्थान से ‘RA’ और मध्यप्रदेश से ‘M’ जोड़ने से ही ERCP जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का नाम स्वतः ही ‘राम जल सेतु’ बन गया. अगर कांग्रेस को रामजी से ही आपत्ति है तो इसमें सरकार क्या कर सकती है. उन्होंने कहा कि प्रकृति का नियम है कि जो होना है, वह होकर रहेगा. देश-प्रदेश धीरे-धीरे रामराज्य की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
कांग्रेस ने देश को खोखला किया- भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने देश को खोखला करने का काम किया है और हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है. लेकिन अब मोदी का जमाना है. अब न तो भ्रष्टाचार करने दिया जाएगा और न ही उसे दबाया जाएगा. कांग्रेस को इस बात का दर्द है कि अब वह भ्रष्टाचार नहीं कर पाएगी. उन्होंने कहा कि अगर कहीं भ्रष्टाचार हुआ भी है तो मोदी सरकार उसे बाहर निकालकर सामने लाएगी. सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में नंबर वन है, भ्रम फैलाने में नंबर वन है और तुष्टिकरण के आधार पर राजनीति करना चाहती है. ऐसे में आज सबसे बड़ी जरूरत झूठ का पर्दाफाश करने की है.
कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना होगा. लोगों को यह बताना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 नहीं बल्कि 125 दिन का रोजगार दिया है और 15 दिन में मजदूरी की गारंटी दी है.
रोजगार को लेकर प्रतिबद्ध सरकार, पेपर लीक में अब तक 400 गिरफ्तार
युवाओं के रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं. 1.44 लाख भर्तियां प्रक्रिया में हैं और 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले ही कह दिया गया था कि पेन और डायरी लेकर बैठ जाएं, सरकार हर बात का हिसाब देगी.पेपर लीक मामलों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब तक 400 लोग जेल भेजे जा चुके हैं.अब यह तय करना कांग्रेस का काम है कि ये 400 लोग छोटी मछली हैं या बड़े मगरमच्छ. उन्होंने तंज कसते हुए कहा— “मगरमच्छों की गिनती कांग्रेस करे.” सीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।