महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के लिए मतदान, ठाकरे बंधुओं की ‘अग्नि परीक्षा’, मोहन भागवत ने NOTA को बताया गलत

full video temp (1200 x 650 px) (4)
15 Jan 2026
महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है. यह चुनाव राज्य की शहरी राजनीति के लिए बेहद अहम है. कुल 3.48 करोड़ मतदाता 2,869 सीटों के लिए 15,908 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. प्रदेशभर में 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम 5.30 बजे तक मतदान जारी रहेगा. मतगणना कल यानि 16 जनवरी को होगी. देश की सबसे अमीर सिविक बॉडी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में 2017 के बाद चुनाव हो रहे हैं. मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर, नवी मुंबई, ठाणे जैसे प्रमुख शहरों में कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. मुंबई के अलावा ठाणे, नागपुर, पुणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगाव, अहिल्यानगर, जलगाव, धुले, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला और चंद्रपुर नगरनिगम के लिए मतदान हो रहा है. BMC चुनाव ठाकरे बंधुओं की 'अग्निपरीक्षा' महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं. 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद ठाकरे बंधुओं के लिए ये चुनाव एक बड़ी अग्निपरीक्षा है, जिससे यह तय होगा कि मुंबई और राज्य में किसका कितना राजनीतिक प्रभाव है. BMC यानि बृहन्मुंबई महानगरपालिका के 227 वार्डों में कुल 1,700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि मुंबई के 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं, जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की जांच की जा रही है. महिलाओं के लिए 'पिंक पोलिंग बूथ', बुजुर्गों के लिए स्पेशल टीम तैनात चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए कई नवाचार भी किये हैं. महिलाओं द्वारा संचालित ‘पिंक पोलिंग बूथ’ बनाए गए हैं और वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं.ताकि महिलाओं और बुजुर्गों को मतदान के लिए प्रोत्साहन मिले. मोहन भागवत ने डाला वोट, NOTA को बताया गलत नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चीफ मोहन भागवत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मोहन भागवत ने वोटिंग के बाद मीडिया से बातचीत भी की. उन्होंने लोकतंत्र में वोट का महत्व बताते हुए लोगों से चुनाव में योग्य उम्मीदवार को वोट देने की अपील की है. मोहन भागवत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. हालांकि उन्होंने महाभारत के एक पात्र भीष्म का हवाला देते हुए कहा कि NOTA अराजकता का एक रूप हो सकता है, क्योंकि किसी को भी वोट न देने से अप्रत्यक्ष रूप से वोट किसी ऐसे व्यक्ति को मिल सकते हैं जिसे पसंद न किया जाए.