मालवीय की कांग्रेस में वापसी पर बोले किरोड़ी मीणा- सत्ता के भूखे हैं…, बंद कमरे में शाह की मुलाकात पर कही ये बड़ी बात
13 Jan 2026
पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस में घर वापसी का खबर के साथ ही राजस्थान की सियासत में हलचल हो गई. महेन्द्रजीत सिंह मालवीय के ठिकानों पर केन्द्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई की सूचना है. आपको याद दिला दें कि महेन्द्रजीत सिंह मालवीय ने हाल ही कांग्रेस के बड़े नेताओं से मुलाकात के बाद कहा था कि BJP मुझे रास नहीं आई.
उधर, कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी मीणा ने महेन्द्रजीत सिंह मालवीय पर निशाना साधा है.डॉ.किरोड़ी मीणा ने कहा कि मालवीय पद के भूखे हैं.लेकिन BJP को किसी के जाने से फर्क नहीं पड़ता. अगर मैं भी चला जाऊं तो पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा.यह व्यक्ति आधारित पार्टी नहीं है, यह विचारधारा आधारित पार्टी हैं.
अमित शाह बंद कमरे में ही करेंगे मंत्रणा- डॉ.किरोड़ी मीणा
आपको बता दें कि डॉ.किरोड़ीलाल मीणा कार्यकर्ता सुनवाई स्थगित होने के बावजूद बीजेपी ऑफिस पहुंचे थे और अपने चिरपरिचत अंदाज में लॉन में ही कुर्सी डालकर जनसुनवाई शुरू कर दी. इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने अमित शाह के जयपुर दौरे को लेकर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के मंत्रियों से बंद कमरे में मंत्रणा को लेकर दिये बयान पर भी तंज कसा। किरोड़ी मीणा ने कहा- अमित शाह गुप्त बात बंद कमरे में ही करेंगे, विपक्ष चाहता है सब कुछ बता दें. किरोड़ी मीणा ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि अमित शाह जयपुर में कितने लोगों को नियुक्ति पत्र देकर गए हैं.इनके किसी केन्द्रीय मंत्री ने कभी ऐसा नहीं किया.दरअसल डोटासरा ने कहा था कि अमित शाह जयपुर आए, बंद कमरे में मंत्रणा की, मंत्रियों को प्रताड़ना दी और बिना कुछ दिए यहां से चले गए.
मालवीय राजनीति में पद और सत्ता के भूखे- डॉ.किरोड़ी मीणा
महेन्द्रजीत सिंह मालवीय के बीजेपी छोड़ने के सवाल पर डॉ.किरोड़ी मीणा ने कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय राजनीति में पद और सत्ता के भूखे हैं, उनके मन में जनसेवा का भाव होता तो किसी भी दल में काम किया जा सकता था.बीजेपी देश का सबसे बड़ा संगठन है. महेन्द्रजीत सिंह मालवीय आए और भाग गए, क्योंकि यहां उनको पद नहीं मिला. हमारी पार्टी की विचारधारा पद पाने के लिए नहीं है, जन सेवा के लिए हैं. अगर मालवीय रोज ऐसी कूदा-फांदी करेंगे तो उनका नाम मिट जाएगा.
हमारा मैनेजमेंट बेहतर, विकास के काम बंद नहीं होंगे
वहीं, BV-G RAM- G योजना के विरोध को लेकर भी किरोड़ी मीणा ने विपक्ष की बयानबाजी का विरोध किया. किरोड़ी मीणा ने राज्य का फंड 40% करने के सवाल पर कहा कि जिस तरह से गृहणी पूरे बजट को मैनेज करती है और उसकी रसोई में कोई कमी नहीं रहती हैं.उसी तरह से विकास के काम बंद नहीं होंगे.केन्द्र और राज्य में हमारा बेहतर मैनेजमेंट हैं.कांग्रेस को तो केवल राजनीति करनी हैं. डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने मनरेगा में हुए भ्रष्टाचार को लेकर भी कांग्रेस को आड़े हाथ लिया.